*👉🏻 400 ग्राम हेरोइन व 8 लाख की नकदी सहित महिला तस्कर काबू*

जालंधर,5 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)- देहात पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हासिल हुई। जब एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक महिला तस्कर को 400 ग्राम हेरोइन व 8 लाख रुपये की नकदी सहित काबू कर लिया। एसएसपी देहाती जीपीएस भुल्लर ने बताया कि एसपी बलकार सिंह, डीएसपी बलविंदर इकबाल सिंह काहलों के दिशा निर्देशों पर एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज नरेश जोशी ने गुप्त सूचना के आधार पर कमलजीत पत्नी करनैल निवासी गन्ना पिंड को 400 ग्राम हेरोइन व 8 लाख की नकदी सहित काबू किया है। एसएसपी ने बताया कि नरेश जोशी को सूचना मिली थी कि कमलजीत अपने पुत्र गुरमुख के साथ पिंड गन्ना में मौजूद है और उसके पास हेरोइन की काफी बड़ी खेप भी है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने गन्ना पिंड उसके घर के पास ट्रैप लगा लिया।
पुलिस ने देखा कि आरोपी महिला का बेटा गुरमुख अपने पल्सर मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ था जोकि स्टार्ट था और उसकी मां कमलजीत पीछे बैठने लगी थी। उसके हाथ में एक वजनदार लिफाफा भी पकड़ा हुआ था। दोनों ने जैसे ही पुलिस पार्टी को देखा तो लिफाफा फेंक वह गांव के अंदर की तरफ बाइक पर सवार हो निकल गए। पुलिस पार्टी ने जब लिफाफे की तलाशी ली तो उसमें से दो लाख रुपये की नकदी व 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसके बाद पुलिस ने इन लोगों की तलाश करनी शुरू कर दी। फिर 4 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि कमलजीत गांव किंगरा थाना भोगपुर के पास किसी का इंतजार कर रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने रेड कर कमलजीत को गिरफ्तार कर लिया और मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ दौरान कमलजीत ने बताया कि उसका बेटा गुरमुख (19) भी नशा तस्करी में शामिल है। फिर पुलिस पार्टी ने 5 जुलाई को आरोपी महिला की निशानदेही पर 6 लाख की नकदी और बरामद की। आरोपी महिला कमलजीत का पति भी नशा तस्करी करता है जो 65 किलो चूरापोस्त के साथ थाना नूरमहल की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपी महिला तस्कर ने बताया कि वह जंडियाला की रहने वाली मीता नाम की औरत से हेरोइन खरीद कर आगे महंगे दाम पर बेच देती थी। पुलिस आरोपी महिला तस्कर कमलजीत के फरार पुत्र गुरमुख की तलाश में छापेमारी कर रही है।