*👉🏻 मृतक बलजीत के परिजनों ने इंसाफ के लिए लगाया सिविल अस्पताल के बाहर धरना*



जालंधर, 30 अगस्त-(विष्णु)-18 अगस्त को स्थानीय 66 फुटी रोड पर हुए सड़क हादसे में बलजीत सिंह नामक के युवक की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक बलजीत सिंह की मां ने इसे हादसा नहीं एक साजिश बता बेटे की हत्या करने की आशंका जाहिर की थी। मृतक की मां ने पुलिस प्रशासन से बेटे की लाश का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी जो आज सिविल अस्पताल किया जाना था। लेकिन उससे पहले ही आज मृतक के परिजनों और समर्थकों ने सिविल अस्पताल के बाहर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक की मां भजन कौर और सुभाना गांव के सरपंच मलकीत सिंह ने आरोप लगाया है कि बलजीत सिंह पुत्र शिवचंद्र की एक साजिश के तहत हत्या की गई है और वारदात को छुपाने के लिए सड़क दुर्घटना बना दिया गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि वारदात वाले दिन बलजीत को उसके दोस्त सनी कल्याण और अन्य दोस्तों ने लालच देकर अपने पास बुलाया था और उसके साथ बैठ पहले शराब पी थी। जिसकी सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। सनी कल्याण ने पुलिस को बयान दिया था कि बलजीत सिंह हादसे वाले दिन उसके साथ नहीं था वह अकेला ही अपने घर में चला गया था। लेकिन घटना वाले दिन हादसे से कुछ घंटे पहले बस स्टैंड के नजदीक एक शराब के अहाते में सनी कल्याण, मृतक बलजीत सिंह, और उसके एक अन्य साथी ने जमकर शराब पी थी जो अहाते में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। उधर मृतक बलजीत की माता भजन कौर ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसके बेटे की एक साजिश के तहत हत्या की गई है और उसके बेटे के हत्यारों को जल्द से जल्द काबू कर उनको इंसाफ दिलाया जाए। मृतक बलजीत के परिजनों और समर्थकों ने सिविल अस्पताल के बाहर पंजाब सरकार और थाना प्रभारी बिमलकांत के खिलाफ नारेबाजी कर आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।