*👉🏻 शशि शर्मा और सन्नी शर्मा के हमलावरों को गिरफ्तार करने में पुलिस नहीं दिखा रही गम्भीरता* *👉🏻 गैंगस्टर.. पुलिस मुलाज़िम को बंधक बना अगर उसका वेपन छीन सकते हैं तो आम नागरिक कैसे होगा सुरक्षित*
जालंधर,2 दिसम्बर-(भल्ला/बब्बू)-बीते दिनों हिन्दू नेता शशि शर्मा और उनके वकील बेटे सन्नी शर्मा पर गैंगस्टर दलबीरा ने अपने साथियों के साथ तेजधार हथियारों से हमला कर जान से मारने की कोशिश की थी। इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस सिर्फ दो हमलावरों को ही गिरफ्तार कर पाई है। जबकि मुख्य आरोपी दलबीरा व उनके साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। लगता है पुलिस आरोपियों को पकड़ने में गंभीरता नहीं दिखा रही। क्योंकि पुलिस विभाग में शामिल काली भेड़ें पहले ही शशि शर्मा से खफा हैं। पुलिस को जगाने और इंसाफ की मांग को लेकर रैणक बाजार शॉपकीपर एसोसिएशन, सुदामा मार्किट, फ्रूट एसोसिएशन व सब्जी मार्किट, गुरु नानक कपड़ा मार्किट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्री राम चौक तक कैंडल मार्च निकाला। रैनक बाजार एसोसिएशन के प्रधान सोमनाथ और सुदामा मार्किट के प्रधान विजय ने संयुक्त रूप से बयान जारी करते हुए कहा कि शहर में इस समय गैंगस्टरों और गुंडों का पूरी तरह से राज हो चुका है। यह लोग पुलिस के नाक के नीचे से जब चाहे किसी भी वारदात को अंजाम देकर शहर में दहशत फैला निकल जाते हैं। हिंदू नेता और कई समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े शशि शर्मा पर हुआ हमला साबित करता है कि इन गैंगस्टरों को पुलिस प्रशासन का कोई भय नहीं है। क्योंकि उक्त हमलावरों ने दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे पास ही लगे पुलिस के नाके की परवाह किए बिना ही वहां से आसानी से निकल गए। यह वारदात साबित करती है कि पुलिस अपने काम में कितनी मुस्तैद है। सभी एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने डीजीपी व पुलिस कमिश्नर जालंधर गुरप्रीत सिंह भुल्लर से मांग की है कि शशि शर्मा व उनके बेटे पर जानलेवा हमला करने वाले हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि शहर का माहौल शांतमय रह सके। कैंडल मार्च दौरान नितिन, सोनू, जोगिंदर सिंह, सुभाष चंद्र, गुरबख्श सिंह, जोगिंदर पाल, श्यामलाल, गुलशन कुमार, गौरव, सुनील अरोड़ा, सुभाष चंद्र, बिल्ला आनंद, हनी टेलर सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।


