*👉🏻 शार्ट सर्कट से आग लगने के कारण एटीएम जलकर राख*

जालंधर,24 दिसम्बर-(प्रदीप भल्ला)-देर रात 2 बजे बीएसएफ चौक नज़दीक लगे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में आग लगने से सारा सामान और एटीएम जलकर राख हो गया। एटीएम में तैनात सुरक्षाकर्मी पखविंदर सिंह पुत्र अजायब सिंह निवासी रामामंडी ने बताया कि वह अढ़ाई साल से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया नज़दीक बीएसएफ चौक के एटीएम में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर रहा है। देर रात ठंड ज्यादा होने के कारण वह एटीएम में कम्बल ओढ़ कर बैठा हुआ था कि दो बजे के करीब अचानक बिजली के बोर्ड में से चिंगारी निकली और देखते ही देखते बोर्ड को आग लग गई। आग लगी देख तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग के आने तक खुद ही पानी की बाल्टियां भर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन अचानक ही आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। थोड़ी देर बाद दमकल विभाग के कर्मियों ने आकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण सारा सामान जलकर राख हो गया। एटीएम में कितने रुपये थे और कितना नुकसान हुआ है। उसके बारे में जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।