*👉🏻 एक्टिवा पर शराब की तस्करी करने जाते दो काबू*

जालंधर,12 जनवरी 2019-(प्रदीप भल्ला)- स्पेशल ऑपरेशन यूनिट की पुलिस ने एक्टिवा पर अवैध शराब की तस्करी करने जाते दो युवकों को काबू कर उनके पास से 60 बोतल अवैध शराब की बरामद की है। जानकारी देते हुए स्पेशल ऑपरेशन यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल रंजीत, तरनजीत, गौरी शंकर व मलविंदर सिंह ने पुलिस पार्टी सहित मकसूदां चौक में नाकेबंदी की हुई थी और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक एक्टिवा पर सवार दो युवक आते
दिखाई दिए, जो पुलिस पार्टी को देखकर घबरा गए और एक्टिवा को वापस मोड़ने लगे। पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों युवकों को काबू कर उनके एक्टिवा की तलाशी ली तो उसकी डिक्की में व एक्टिवा के आगे पड़ी हुई 60 बोतल अवैध शराब की बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों पर थाना डिवीजन नंबर 1 में मामला दर्ज करवा पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना नाम यशिक शर्मा उर्फ कोछा पुत्र हरीश कुमार निवासी लांवा मोहल्ला और मनी महेंद्रू उर्फ स्वामी पुत्र राजेश महेंद्रू निवासी किला मोहल्ला बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चंडीगढ़ से शराब लाकर यहां पर सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है।
