पुलवामा हमला: सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी की बैठक में हो सकता है बड़ा फैसला
पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों द्वारा किए गए हमले के बाद केंद्र सरकार हरकत में आ गई है. आज सुबह 9:15 बजे सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCS) की बैठक होने वाली है. NIA पुलवामा पहुंचने वाली है. CCS की बैठक के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी पुलवामा जाएंगे. हमले के बाद प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के बीच बातचीत हुई, जिसमें हालात को लेकर चर्चा हुई. उधर, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने CRPF के DG के साथ बैठक की. भूटान के दौरे पर गए गृह सचिव को बुला लिया गया है. अमेरिका, इजरायल, ब्रिटेन, रूस, श्रीलंका सहित दुनिया के अधिकांश देशों ने हमले की निंदा की है.
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन अपना स्वीडन दौरा बीच में ही छोड़कर वापस लौट रही हैं. वे भी सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCS) की बैठक में शामिल होंगी.
CCS में प्रधानमंत्री के अलावा गृह मंत्री, विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और वित्त मंत्री होते हैं. माना जा रहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और सेनाध्यक्ष विपिन रावत भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं.


