*👉🏻 थ्री व्हीलर लुटेरा गैंग के पांच सदस्य काबू, 3 व्हीलर,आठ एटीएम बरामद* *👉🏻 आरोपियों में भगौड़ा भी काबू*
जालंधर,17 फरवरी 2019-(प्रदीप भल्ला)- सीआईए स्टॉफ-दो देहाती ने थ्री व्हीलर लुटेरा गैंग के पांच सदस्यों को काबू कर उनके पास से तीन व्हीलर और लोगों से लूटे हुए अलग-अलग बैंकों के आठ एटीएम बरामद किए हैं। एचईएन को जानकारी देते हुए सीआईए स्टाफ-2 देहाती के इंचार्ज इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि एसआई सुरेंद्र सिंह ने पुलिस पार्टी सहित जीटी रोड अड्डा पचरंगा से नाकाबंदी दौरान ऑटो रिक्शा की आड़ में सवारियों से लूटपाट करने वाले 5 आरोपियों को काबू किया है। जिनके पास से पुलिस को 8 अलग-अलग बैंकों के एटीएम और तीन थ्री व्हीलर बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह 2017 से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं और उन पर अलग-अलग थानों में मामले भी दर्ज हैं। पकड़े आरोपियों में से 1 आरोपी अंकुश अदालत से पीओ भी हो चुका है। आरोपियों ने बताया कि वह लोगों को अपनी ऑटो में बिठा लेते थे और किसी सुनसान जगह पर जाकर उनसे लूटपाट कर लेते थे। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरलोचन सिंह उर्फ गोल्डी पुत्र वरिंदर सिंह निवासी सरहाला रानुआ थाना बहराम जिला नवांशहर, हरजीत सिंह उर्फ बब्बू पुत्र दिलबाग सिंह निवासी गांव बाबक दरिया थाना टांडा जिला होशियारपुर, अंकुश उर्फ रिंकू पुत्र सुरेंद्र जेमस निवासी गांव सूरानस्सी थाना डिवीजन नंबर 1, हरजिंदर सिंह उर्फ बच्चा और कुलदीप सिंह उर्फ पाला पुत्र गुरमीत सिंह निवासी बस्ती 9 जालंधर के रूप में बताई है। हरजिंदर सिंह और कुलदीप सिंह दोनों सगे भाई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।


