आरोपी पुलिसवाले को पकड़ने पहुंची CBI टीम को लोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

नोएडा (हैडलाइन ब्यूरो)यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में हुए 126 करोड़ रुपये के जमीन खरीद घोटाले की जांच के लिए पहुंचे ग्रेटर नोएडा के सुनपुरा गांव में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) अधिकारियों को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है। पूरा मामला थाना इकोटेक तीन क्षेत्र के अंतर्गत सुनपुरा गांव का है।
जानकारी के मुताबिक, 126 करोड़ रुपये के जमीन खरीद घोटाले की जांच की कड़ी में सीबीआइ अधिकारी शनिवार को ग्रेटर नोएडा के सुनपुरा गांव पहुुंचे थे। सीबीआइ अधिकारियों की टीम एक आरोपित सीबीआइ दरोगा को पकड़ने आई थी। इसकी भनक ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने सीबीआइ टीम को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर सीबीआइ अधिकारियों को भागना पड़ा। सीबीआइ की पांच सदस्यीय टीम पर सुबह दबिश देने के दौरान हमला हुआ है।
वहीं, सीबीआइ टीम के साथ मारपीट की खबर लगते ही सीबीआइ के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल इकोटेक तीन थाना पहुंचे हैं। सीबीआइ में तैनात वरिष्ठ अधिकारी व गौतमबुद्ध नगर के पूर्व एसएसपी किरण एस भी पहुंचे हुए हैं। वहीं, सीबीआइ में तैनात आरोपित दरोगा के परिजनों के ख़िलाफ़ थाने में शिकायत दी गई है। जानकारी के मुताबिक, पिटाई से घायल सीबीआइ की टीम के अधिकारों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, गौतमबुद्धनगर के एसपी विनीत जायसवाल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि आरोपित दरोगा के परिवार वालों ने सीबीआइ टीम के अधिकारियों पर हमला किया है। इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू दी गई है।
उल्लेखनीय है कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हुए 126 करोड़ के जमीन घोटाले मामले में प्राधिकरण की तरफ से बीते साल तीन जून 2018 को कासना कोतवाली में सेवानिवृत्त आइएएस व प्राधिकरण के पूर्व सीईओ पीसी गुप्ता समेत 21 आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पीसी गुप्ता को 22 जून को मध्यप्रदेश के दतिया से गिरफ्तार कर दस दिन की रिमांड पर लेने के बाद मेरठ की भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश कर जेल भेजा था। पीसी गुप्ता वर्तमान में भी मेरठ जेल में बंद है। उसकी जमानत कोर्ट से खारिज हो चुकी है।




