CGO कॉम्प्लेक्स के अंत्योदय भवन में लगी भयंकर आग, वायुसेना सहित कई मंत्रालयों के दफ्तर

नई दिल्ली (हैडलाइन ब्यूरो)दिल्ली के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में आज भयंकर आग लग गई। आग अंत्योदय भवन की पांचवीं मंजिल पर लगी है। आग लगने के बाद से घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है। सूचना मिलने के बाद से फायरकर्मी आग को बुझाने में जुटे हैं। सूचना मिलने के तत्काल बाद दर्जनों फायर टेंडर को इस काम में लगा दिया गया है। फायर अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट की वजह से इस भवन में आग लगी है।
अंत्योदय भवन में है वायुसेना का दफ्तर
सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित अंत्योदय भवन में वायुसेना का भी दफ्तर है। इस दफ्तर में वायुसेना के गोपनीय दस्तावेज भी होते हैं। वायु सेना के अलावा पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय, सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्रालय, वन मंत्रालय सहित कई केंद्रीय कार्यालय इस भवन में स्थित हैं। इस भवन को पहले पर्यावरण भवन के रूप में जाना जाता था। विभिन्न मंत्रालयों का दफ्तर होने की वजह से फायरकर्मियों व दिल्ली पुलिस के जवानों के अलावे कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। आग से संभावित नुकसान अभी पता नहीं चला है। फायरकर्मियों का कहना है कि आग पर जल्द ही काबू पा लिया जाएगा।
