*👉🏻 एक किलो हेरोइन सहित दो काबू*
जालंधर,14 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)-थाना फिल्लौर की पुलिस ने एक किलो हेरोइन सहित दो व्यक्तियों को काबू किया है। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि थाना फिल्लौत के एएसआई रविंदर सिंह सतलुज पुल पर मौजूद थे। तभी उन्हें सूचना मिली की मीराज रहमानी पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी उत्तम नगर नई दिल्ली, जो कि हेरोइन सप्लाई का धंधा करता है दिल्ली से हेरोइन लाकर जालंधर में सप्लाई करने के लिए आ रहा है। इसी सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर प्रेम सिंह थाना फिल्लौर ने साथी कर्मचारियों के साथ नाकाबंदी कर ली और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग दौरान गाड़ियों की काफी लंबी लाइन लगने के कारण सतलुज पुल के पास एक व्यक्ति बस में से उतर कर पैदल ही लुधियाना
की तरफ जाने लगा। पुलिस पार्टी को शक होने पर उन्होंने उक्त व्यक्ति को काबू कर उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम मीराज रहमानी बताया। पुलिस ने उसके पास मौजूद किट बैग की तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में रहने वाले Ani Chief Obinna (Nigeria) से नशा लाकर अलग-अलग जगह पर सप्लाई करता है। पुलिस पार्टी ने तुरंत ही छापेमारी कर Ani को भी काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

