*👉🏻 6 आरोपियों को 4 पिस्तौल व 9 ज़िंदा कारतूस सहित किया काबू*

जालंधर,14 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)- देहात पुलिस ने अलग-अलग जगह से नाकाबंदी दौरान 6 आरोपियों को काबू कर उनके पास से चार पिस्तौल व 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि एसआई निर्मल सिंह, एस आई सुरजीत सिंह ने पुलिस पार्टी सहित सतलुज पुल फिल्लौर में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान लुधियाना की तरफ से आ रही एक क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया। लेकिन कार चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। पुलिस पार्टी ने गाड़ी के आगे बैरीकेट लगाकर गाड़ी को रोक लिया और उसमें सवार व्यक्तियों की तलाशी ली तो उनके पास है दो देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने गाड़ी में सवार बिक्रम सिंह पुत्र रामपाल और काबल सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी संगत सिंह नगर मेहता रोड थाना मकबूलपुरा जिला अमृतसर को काबू कर उन पर थाना फिल्लौर में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी तरह एएसआई सोहन सिंह सीआईए स्टाफ जालंधर देहाती ने पुलिस पार्टी सहित सतलुज पुल फिल्लौर में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान लुधियाना की तरफ से आ रही स्कार्पियो गाड़ी को रुकने का इशारा किया। लेकिन गाड़ी चालक ने गाड़ी को भगाने की कोशिश की। पुलिस पार्टी ने गाड़ी चालक को काबू कर उनकी तलाशी ली तो उनके पास से एक देसी पिस्तौल तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने गाड़ी में सवार साहिल चंदेल निवासी हरगोबिंद नगर लुधियाना और रोहित पांडे पुत्र ओमप्रकाश पांडे निवासी लुधियाना को काबू कर उन पर थाना फिल्लौर में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी प्रकार एएसआई गुरशरण सिंह थाना गोराया पुलिस पार्टी सहित बीड़ बंसिया रोड नजदीक गुजरां डेरे में गश्त पर थे। तभी पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर सौरव पाल पुत्र कीमती लाल निवासी बडिंग थाना कैंट को काबू किया। जिसके पास से पुलिस को एक पिस्टल 315 बोर व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी पर थाना गोराया में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।