बाल-बाल बचा CRPF का काफिला,जम्मू-कश्मीर के बनिहाल टनल के पास कार में धमाका
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर बनिहाल के पास एक कार में संदिग्ध धमाका हुआ है. धमाके में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. धमाका जिस सेंट्रों कार में हुआ है, उसके पास से सुरक्षा बलों का काफिला भी गुजर रहा था. सीआरपीएफ सूत्रों का कहना है कि यह आतंकी हमला नहीं लग रहा है. मामले की जांच की जा रही है.
धमाके के बाद कार के परखच्चे उड़ गए
सीआरपीएफ के सूत्रों का कहना है कि शुरुआत जांच में मामला कार में सिलेंडर ब्लास्ट का लग रहा है.मौके से कार का ड्राइवर फरार है. फिलहाल, ड्राइवर और कार मालिक की तलाश की जा रही है.
सीआरपीएफ ने कहा कि आज करीब 10.30 बजे बनिहाल के पास एक सिविल कार में धमाका हुआ. इस दौरान सीआरपीएफ का काफिला वहां से गुजर रहा था. धमाके के बाद कार में आग लग गई और सीआरपीएफ के एक बस के पिछले हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा. किसी सीआरपीएफ जवान को कोई चोट नहीं आई है. धमाके के सभा पहलुओं की जांच की जा रही है.
सुरक्षाबलों की बस के करीब हुआ धमाका
गौरतलब है कि बीते 14 फरवरी को पुलवामा में जोरदार धमाका हुआ था. आरडीएक्स से भरी कार को सीआरपीएफ के काफिले से टकरा गई थी. इस आतंकी हमले में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे. इसके बाद गृहमंत्रालय ने एक गाइडलाइन जारी की थी. इसके तहत जब भी सुरक्षाबलों का काफिला हाइवे से गुजरेगा, तब आवाजाही रोक दी जाएगी.
अब ऐसे में सवाल उठता है कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद भी बनिहाल टनल के पास सीआरपीएफ के काफिले को कार ने कैसे टक्कर मारी? फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और मामले की जांच की जा रही है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि ड्राइवर कहां गया. अगर कार में आग लगी तो क्या वह भागने में सफल रहा या साजिशन कार में धमाका कराया गया.