*👉🏻 पत्रकारों से बदतमीजी करने वाले तीन पुलिस कर्मी सस्पेंड*
जालंधर,2 अप्रैल 2019-(प्रदीप भल्ला)-रोजाना पुलिस मुलाज़िमों द्वारा नाकाबंदी की आड़ में आम जनता से बदतमीजी करने की खबरें तो आती ही रहती हैं। लेकिन आज पत्रकारों से बदतमीजी करना तीन पुलिस मुलाज़िमों को भारी पड़ गया। जिन्हें पुलिस कमिश्नर स.गुरप्रीत सिंह भुल्लर के आदेशों पर सस्पेंड कर दिया गया।
मामला यह था कि स्काईलार्क चौक के नज़दीक स्थित डीपीआरओ दफ्तर के बाहर एसआई लखविंदर सिंह सहित पुलिस कर्मियों ने नाकाबंदी की हुई थी। तभी उक्त मुलाज़िमों ने छायाकार मुनीश, कैमरामैन पंकज और रवि को रोका। पुलिस मुलाज़िमों ने तीनों पत्रकारों के साथ बहुत बदतमीजी की,जिसके बाद मामला गर्माया और बात धरना-प्रदर्शन तक पहुंच गई। पत्रकारों से विवाद की बात पुलिस कमिश्नर तक पहुंची तो उन्होंने डीसीपी
गुरमीत सिंह को मौके पर भेजा। जिसके बाद डीसीपी ने सारे मामले की जानकारी लेने के बाद एसआई लखविंदर सिंह, हैडकांस्टेबल इक़बाल सिंह और हैडकांस्टेबल जतिंदर सिंह को मौके पर ही सस्पेंड कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम में सभी मीडिया संस्थानों के पत्रकार व छायाकार मौजूद थे।


