*👉🏻 महानगर में रात को चले तूफान ने कई जगह किया नुकसान*
जालंधर,16 अप्रैल 2019-(प्रदीप भल्ला)- देर रात चले तूफान ने शहर के कई क्षेत्रों में नुकसान किया है। अचानक ही मौसम के करवट बदलते ही देर रात आंधी-तूफान चल पड़ा। जिस कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में कई जगह पर पेड़ गिर गए। जिस कारण बिजली की सप्लाई भी प्रभावित हुई।
आंधी तूफान चलने के बाद पूरे शहर में बिजली ठप हो गई। कई क्षेत्रों में सुबह 11:00 बजे तक भी बिजली की सप्लाई सुचारू नहीं हो पाई थी। तेज चले आंधी-तूफान ने रात लाडोवाली रोड पर एक पेड़ को गिरा दिया, पेड़ गिरने के कारण उसकी चपेट में एक कार आ गई जिसका बंपर और फ्रंट
शीशा टूट गया। गनीमत ये रही कि कार चालक कुछ देर पहले ही कार से निकल कर कहीं गया था। ऐसे ही शास्त्री मार्किट चौक में भी एक दुकान का छज्जा गिर गया। गनीमत यह रही कि उस समय कोई व्यक्ति वहां से गुज़र नहीं रहा था। जिस कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अवतार नगर की गली नंबर 3 में भी एक मकान की दीवार गिरने के कारण नीचे खड़ी कार को नुकसान हुआ है। मकसूदां की तरफ मेन रोड पर बड़े-बड़े पेड़ गिरने के कारण यातायात प्रभावित हो गया। जिसे सुबह सड़क से हटाकर यातायात सुचारु किया गया। इसी प्रकार किशनपुरा में तेज आंधी के कारण बिजली का खंबा टूट गया। जिस कारण कुछ घरों के उपकरण वोल्टेज ज्यादा आने के कारण जल गए। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल भी बारिश और आंधी तूफान आने की संभावना जताई जा रही है।
