*👉🏻 सेनेटरी व्यापारी की दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट करने वाला एक आरोपी काबू, साथियों की तलाश जारी*

जालंधर,15 मई 2019-(प्रदीप भल्ला)- बीती रात थाना रामामंडी के अंतर्गत आते जैमल नगर में सेनेटरी दुकान पर हुए लड़ाई झगड़े के मामले में पुलिस ने एक आरोपी राहुल अरोड़ा पुत्र वरिंदर अरोड़ा निवासी अजीत नगर को गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए डीसीपी इन्वेस्टिगेशन गुरमीत सिंह ने बताया कि बीती रात जैमल नगर में स्थित एक सेनेटरी की दुकान में कुछ लोगों ने घुसकर तोड़फोड़ की और एक युवक को घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच दौरान पता चला कि सिमरनजीत सिंह पुत्र मनमोहन सिंह निवासी उपकार नगर अपने दोस्त लक्की कलयाण निवासी अजीत नगर, अमन निवासी गांधीनगर, राहुल निवासी नूर महल और साहिल साहू के साथ रात 9:00 बजे अपनी दुकान में बैठा हुआ था। तभी उसके दोस्त साहिल के फोन पर सुखराज लाहौरिया का फोन आया और उसने सिमरनजीत सिंह से पैसे लेने के बारे में बात की। सिमरनजीत सिंह ने कहा कि उसे पैसों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर पैसों का कोई लेन-देन है तो वह उसके पिता ही करेंगे। तभी 15:20 मिनट के बाद चनप्रीत, सुखराज लाहौरिया, इलू अपने 15-20 साथियों के साथ दुकान पर आया और आते ही दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सिमरनजीत सिंह, अमन, लक्की और राहुल मौके से भाग गए। जबकि साहिल उनके हाथ लग गया। सभी आरोपियों ने साहिल को बुरी तरह पीटा और दुकान में तोड़फोड़ कर धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों पर थाना रामामंडी में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने दोषी राहुल अरोड़ा पुत्र वरिंदर अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। जिस से पुलिस पूछताछ कर रही है।

