पटियाला, 06 अप्रैल 2022- पंजाब मैं जब से सत्ता परिवर्तन हुआ है उसके बाद से गैंगवार की घटनाऐं बढ़ने लगी है। आए दिन पंजाब के अलग-अलग शहरों में गोली चलने की वारदातें हो रही हैं, जिनमें ज्यादातर कबड्डी टूर्नामेंट में या कबड्डी खिलाड़ियों पर गोली चलाए जाने की घटनाएं शामिल है। आज भी पंजाब के पटियाला शहर में एक पक्ष ने दोण कलां के रहने वाले कबड्डी खिलाड़ी धर्मेंद्र सिंह को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पूरी घटना इलाके में रह रहे किसी निवासी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार पटियाला के पंजाबी यूनिवर्सिटी के पीछे स्थित पेट्रोल पंप वाली गली में देर रात दो पक्षों में किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसी बहस ने बाद में दोनों पक्षों को हाथापाई तक पहुंचा दिया और एक पक्ष ने जिनमें कुछ युवकों ने कपड़े से अपना चेहरा ढँका हुआ था कबड्डी खिलाड़ी धर्मेंद्र सिंह को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गौरतलब है कि इससे पहले भी संदीप अंबिया नामक अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी को गोलियां मारकर उसका कत्ल कर दिया गया था। उस घटना के बाद एक बार फिर से कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान गोलियां चलने की वारदात हुई थी और आज फिर पटियाला में 45 मिनट तक झगड़ने के बाद एक पक्ष ने कबड्डी खिलाड़ी धर्मेंद्र सिंह तो गोलियां मारकर कत्ल कर दिया। इलाके में चर्चा चल रही थी कि गोलियां चलाने वाले लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के सदस्य थे, लेकिन पुलिस ने अभी किसी भी ग्रुप की इस वारदात में शमूलियत होने की बात नहीं कही है। पुलिस मामले की जांच कर अपराधियों को पकड़ने में जुटी हुई है।