*👉🏻 देहात पुलिस ने इंटरनेशनल नशा तस्कर को काबू कर दो किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस किए बरामद* *👉🏻 पढ़ें पूरी खबर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*
जालंधर, 20 अक्तूबर 2022-(प्रदीप भल्ला)- जिला जालंधर देहाती के थाना फिल्लौर की पुलिस ने एक इंटरनेशनल नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जानकारी देते हुए एसएसपी देहाती स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि 16 अक्तूबर को फिल्लौर पुलिस ने एक एनडीपीएस का मामला दर्ज कर गुरदीप सिंह पुत्र बचित्तर सिंह निवासी पंजडेरा को गिरफ्तार किया था।
पुलिस पूछताछ दौरान आरोपी ने बताया था कि वह गगनदीप सिंह उर्फ मोर निवासी स्वर्ण पार्क राहों रोड लुधियाना के पास से हेरोइन लाकर आगे सप्लाई करता है। इसी सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने कार्रवाई करते हुए पुलिस पार्टी सहित मोगा सिटी एरिया में रेड की। जहां पर नशा तस्करों के साथ पुलिस का मुकाबला हो गया और कॉन्स्टेबल मनदीप सिंह को गोली लग गई। जख्मी होने के बावजूद मनदीप सिंह ने बहादुरी का सबूत देते हुए नशा तस्कर गगनदीप को काबू कर लिया जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब हो गया।
जख्मी पुलिस कर्मचारी को पहले सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल करवाया गया जिसके बाद उसे ग्लोबल हॉस्पिटल जालंधर में इलाज के लिए भर्ती करवा दिया गया जहां पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पूछताछ दौरान पकड़े गए आरोपी गगनदीप उर्फ मोर पुत्र तीरथ सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने 2 किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद कर लिए। पुलिस पूछताछ दौरान पता चला कि आरोपी गगनदीप सिंह पर पहले भी कत्ल का मामला दर्ज है जिसमें वह जेल से जमानत पर बाहर आया हुआ है। जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने नशा तस्करों के जरिए एक असला ले लिया था और 2 थ्री व्हीलर चालकों पर गोलियां भी चला दी थी। इसी मामले में वह फरार चल रहा था। जिसके बाद आरोपी फतेहगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब और फिरोजपुर क्षेत्रों में रहता था और नशा तस्करी करता था। आरोपी अपने अंतर्राष्ट्रीय नशा तस्कर साथियों से लिंक के जरिए पाकिस्तान में बैठे स्मग्लरों से ड्रोन के जरिए तरनतारन बॉर्डर नज़दीक खेतों में नशा मंगवा लेता था और पंजाब के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है।

