*👉🏻 दिवाली पर माहौल खराब करने के लिए हथियार सप्लाई करने जा रहे दो आरोपी काबू, पांच देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद* *👉🏻 पढ़ें पूरी खबर सिर्फ़ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*

जालंधर, 20 अक्तूबर 2022-(प्रदीप भल्ला)- दिवाली पर माहौल खराब करने की फिराक में हथियार सप्लाई करने जा रहे दो आरोपियों को देहात पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए एसएसपी देहाती स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच देहाती के इंचार्ज एसआई पुष्पबाली की अगुवाई वाली टीम के एएसआई बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ अड्डा अमानतपुर मोड़ पर खड़े थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि मुकेश कुमार यादव पुत्र प्रदीप सिंह निवासी बिहार जोकि कत्ल के केस में अमृतसर जेल में बंद है।
वह अपने गुर्गों के जरिए पंजाब और आसपास के गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करता है। आरोपी के दो गुर्गे विजय राम और अजय राम पुत्र लाल बहादुर निवासी बिहार वेपन सप्लाई करने के लिए अमृतसर जाने वाले हैं जो कि इस समय बिधिपुर के पास बस पकड़ने के लिए खड़े हुए हैं। अगर इसी समय छापेमारी की जाए तो आरोपी हथियारों की खेप के साथ पकड़े जा सकते हैं। ठोस सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस पार्टी आरोपियों को पकड़ने के लिए बिधिपुर पहुंच गई। पुलिस पार्टी को देख वहां पर खड़े दो मोने व्यक्ति घबरा गए और ऑटो रोकने लगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर उनके कंधे पर लटकाए हुए किट बैग की तलाशी ली तो उनमें से पांच देसी पिस्टल, 10 मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों पर थाना मकसूदां में मामला दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि यह हथियार व गैंगस्टरों तक पहुंचाने वाले थे जो दिवाली पर पंजाब का माहौल बिगाड़ सकते हैं। पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है।
