*👉🏻 मामला सेंट्रल टाउन में रहस्मयी विस्फोट से छत गिरने का,एक की मौत* *👉🏻 पुलिस की मिलीभगत से घर में स्टॉक किया जाता था पटाखा और चाइना डोर*
जालंधर-थाना डिवीज़न नं-4 के अंतर्गत पड़ते रियाज़पुरा मोहल्ला में रहस्मयी विस्फोट से घर की छत गिर गई। छत के मलबे के नीचे दबने के कारण 4 लोग घायल हो गए, जिनमें से एक लड़की की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शाम 4 बजे के करीब सेंट्रल टाउन के रियाज़पुरा मोहल्ला में स्थित एक घर में जोरदार धमाका होने के कारण घर के ऊपरी मंजिल पर अस्थाई रूप से बनाया गया शेड गिर गया। जिसके नीचे दबने के कारण चार लोग घायल हो गए। घर के मालिक गुरदीप सिंह पुत्र खजान सिंह ने घर में पाबंदीशुदा चाइना डोर और पटाखे स्टॉक कर रखे हुए थे। मलबे में से काफी ज्यादा पटाश भी बिखरी मिली है जोकि संदेह पैदा कर रही थी। आस-पड़ोस के लोगों के मुताबिक पटाखों और चाइना डोर के बारे में कुछ पुलिस कर्मियों को भी जानकारी थी। जिससे जाहिर होता है कि पुलिस की मिलीभगत से ही ये कारोबार चल रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक मनोरंजन कालिया,पुलिस कमिश्नर पी.के.सिन्हा,डीसीपी गुरमीत सिंह,थाना 3-4 और बारादरी के प्रभारी भी पहुंचे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। कुछ देर के बाद ही मलबे में से दो लड़कों और लड़कियों को बाहर निकाल लिया जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। जहां पर एक लड़की की मौत हो गई। मृतक की पहचान नेपाल निवासी राधिका के रूप में हुई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

