👉🏻 पंजाब में अमन, शांति और कानून ना होने के कारण ही पंजाब का विकास नहीं हो रहा,पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस पूरी तरह से फेल-अश्वनी शर्मा

जालंधर,17 अप्रैल 2023-(प्रदीप भल्ला)- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा द्वारा एक बैठक जालंधर के एक होटल में की गई। जिसमें उनके साथ राज कुमार वेरका व अन्य नेता मौजूद थे। अश्वनी शर्मा ने कल अमृतसर में भाजपा के एससी मोर्चा के महासचिव बलविंदर गिल को गोली मारे जाने के मामले में पंजाब सरकार को घेरते हुए उन पर सवालों के तीखे वार किए। अश्विनी शर्मा ने कहा कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है तब से पंजाब की सेहत खराब हो चुकी है। पंजाब में कानून का कोई राज नहीं है इसीलिए पंजाब डरा हुआ है। आए दिन पंजाब के किसी ना किसी शहर में गैंगस्टरों द्वारा वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। सरकार और पुलिस पूर्ण रूप से फेल हो चुकी है। अश्विनी शर्मा ने कहा कि कल भाजपा के एससी मोर्चा के महासचिव पर गोलियां चलाने वाले हमलावर बेखौफ थे। उन्होंने सरेआम बलविंदर गिल को गोली मारी जो कि उनके जबड़े के आर पार हो गई। बलविंदर गिल के पास सिर्फ एक पुलिसकर्मी था वह भी साधारण कपड़ों में था। घटना के काफी देर बाद पुलिस के उच्च अधिकारी पहुंचे जिससे पता चलता है कि पंजाब में पुलिस प्रशासन नाम की चीज है ही नहीं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने आका को बचाने के लिए दिल्ली में धरना दे रहे हैं और पंजाब की हालत बिगड़ती जा रही है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनाकर पंजाब की जनता अब खुद को ही कोस रही है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि जिस राज्य में अमन, शांति और सुरक्षा नहीं वहां विकास नहीं हो सकता।