चौथे चरण का मतदान पूरा, अब तक 62 फीसदी हुई वोटिंग

जालंधर, (हैडलाइन ब्यूरो ) : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान सोमवार को शाम 6 बजे के बाद संपन्न हो गया। चौथ चरण के मतदान में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना सहित 10 राज्यों की कुल 96 लोकसभा सीट पर वोट डाले गए। अब तक आम चुनाव 2024 के चार चरणों में 379 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुए हैं। वोटों की गिनती 4 जून को होनी है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक 62.84 फीसदी मतदान हो चुका है।उत्तर प्रदेश में 2019 की तुलना में कम मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक मतदान हुआ है।चुनाव आयोग की ओर से जारी डेटा के अनुसार, 5 बजे तक सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 75.66 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। सोमवार को ही आंध्रप्रदेश राज्य विधानसभा की सभी 175 सीटों और ओडिशा राज्य विधानसभा की 28 सीटों के लिए भी मतदान हुआ। चौथे चरण के चुनाव में जो प्रमुख उम्मीदवार मैदान में थे, उनमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे।