Punjab Police के लिए नए आदेश जारी …एसएचओ से लेकर उच्च अधिकारी अब रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने दफ्तरों में बैठेंगे

चंडीगढ़। पंजाब के लोगों की सुविधा के लिए पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। एसएचओ से लेकर उच्च अधिकारी अब रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने दफ्तरों में बैठेंगे। इस पहल के तहत वे लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इससे संबंधित आदेश डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दिए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करके यह जानकारी दी है।
लोगों की ओर से आने वाली शिकायतों का तुरंत समाधान करने के लिए डीजीपी ने यह फैसला लिया है। यह आदेश सभी रेंज के एडीजीपी/आईजीपी/डीआईजी, पुलिस कमिश्नर, जिला एसएसपी, सब-डिविजनल डीएसपी और एसएचओ पर लागू होगा। यह आदेश सभी कार्य दिवसों पर लागू होगा। उन्होंने कहा कि यह पुलिस का भी कर्तव्य है। लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पुलिस के उपरोक्त आदेश पंजाब पुलिस के चंडीगढ़ मुख्यालय में भी लागू होंगे। पुलिस मुख्यालय में स्पेशल डीजीपी/एडिशनल डीजीपी रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को तय समय पर लोगों से मिलना होगा। डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि सभी को उपरोक्त आदेशों का पालन करना होगा। नागरिकों तक पहुंचने के लिए पुलिस द्वारा उठाया गया यह एक बड़ा कदम है। राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये प्रयास जारी रहेंगे।
