*👉🏻 प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर से चोरों ने नकदी व सामान चुराया*
जालंधर,26 मई-(ज्ञान सिंह)- शहर में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही। बीते दिनों पठानकोट चौक के पास चोरों ने 4 दुकानों को निशाना बनाया था। जिसके बाद कल फिर चोरों ने मकसूदां फ्लाईओवर के पास प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर को निशाना बनाया। थाना डिवीजन नंबर एक के अंतर्गत पड़ते मकसूदां फ्लाईओवर के नजदीक स्थित अटवाल प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बना चोरों ने हजारों की नकदी,मोबाइल व अन्य सामान चुरा लिया। जानकारी देते हुए अटवाल प्रॉपर्टी डीलर के मालिक लखबीर सिंह अटवाल पुत्र उत्तम सिंह निवासी न्यू मोती नगर ने बताया कि वह काम के सिलसिले में दो-तीन दिन के लिए शहर से बाहर गए हुए थे। आज जब वापस आए तो आकर देखा कि दफ्तर के अंदर सामान बिखरा हुआ था और गल्ले में पड़ी हुई 25000 की नकदी व जरूरी सामान चोरी हो चुका था। चोर दफ्तर के ऊपरी रास्ते से नीचे आए और सीढ़ियों के दरवाजे को तोड़ अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया। चोरी की शिकायत थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस को दे दी गई है।सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

