*👉🏻 नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर अवैध कब्जा करने वालों पर कसा शिकंजा, सामान किया ज़ब्त* *👉🏻 कब्जाधारियों को मंगलवार तक का दिया समय,बुधवार को होगी एफआईआर, पढ़ें पूरी ख़बर सिर्फ हैडलाइन एक्सप्रेस पर 👇🏻*



जालंधर, 28 नवंबर 2020-(प्रदीप भल्ला)- नगर निगम की तहबाजारी विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बीएसएफ चौक से भगत सिंह चौक तक किए हुए अवैध कब्जों पर डंडा चलाया। नगर निगम तहबाजारी विभाग के इंचार्ज मनदीप सिंह और एसीपी ट्रैफिक हरबिंदर सिंह भल्ला ने अपनी अपनी टीमों को साथ लेकर लाडोवाली रोड पर कबाड़ का काम करने वाले दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों को वहां से हटाया और उन्हें चेतावनी दी कि अगर दोबारा से उन्होंने अवैध रूप से सड़क पर कब्जा किया तो उन पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
एसीपी ट्रैफिक हरबिंदर सिंह भल्ला और नगर निगम तहबाजारी विभाग के इंचार्ज मनदीप सिंह ने बताया कि कल पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, मेयर जगदीश राज राजा, सेंट्रल क्षेत्र के विधायक रजिंदर बेरी और नार्थ क्षेत्र के विधायक बाबा हेनरी की एक संयुक्त बैठक हुई थी।
जिसमें यह फैसला लिया गया था कि शहर में जिन जिन सड़कों पर लोगों द्वारा या दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं उन्हें हटाया जाए। पहली बार तो कब्जाधारियों को चेतावनी दी जाए, अगर फिर भी वह नहीं मानते तो उन पर एफआईआर दर्ज की जाए।
इस बैठक के बाद आज नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लाडोवाली रोड पर अपना अभियान चलाया। कुछ दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटा कर उनका सामान ज़ब्त किया गया और उन्हें मंगलवार तक का समय दिया गया है कि वह अपना कबाड़ सड़क से हटा ले नहीं तो बुधवार को जिस दुकानदार ने सड़क पर अवैध रूप से कब्जा किया होगा उस पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। आगे बताते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाले दिनों में और भी तेज किया जाएगा।
