T20 वर्ल्ड कप : भारत ने अफगानिस्तान को 47 रन से हराया

सुपर 8 में खेले गए मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 47 रन से हरा दिया. भारत की जीत में सूर्य कुमार यादव की भूमिका अहम रही. सूर्या ने 28 गेंद पर 53 रन की पारी खेली जिसके दम पर भारतीय टीम 181 रन 8 विकेट पर बना पाने में सफल रही. लेकिन बाद में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल किया और अफगानिस्तान की टीम को 134 रन पर रोक कर 47 रनों से शानदार जीत हासिल की. भले ही सूर्या को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया लेकिन अफगानिस्तान की पारी के दौरान बुमराह ने गजब की गेंदबाजी कर फैन्स का दिल जीत लिया.
बुमराह ने 4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट लिए. बुमराह ने मैच में अफगानिस्तान के सबसे बड़े विकेट गुरबाज को आउट किया, इसके बाद हज़रतुल्लाह ज़ज़ई को पवेलियन की राह दिखाई तो वहीं तीसरे विकेट के रूप में बुमराह ने नजीबुल्लाह ज़दरान को आउट कर अपने तीन विकेट पूरे किए. इस मैच में बुमराह ने एक बार फिर दिखाया कि वो क्यों दुनिया के सबसे महान गेंदबाज में हैं. खासकर उन्होंने जिस मिश्रण के साथ गेंदबाजी की उसने विश्व क्रिकेट को हैरान कर कर दिया.
बता दें कि टी-20 इंटरनेशनल में अब बुमराह के नाम 82 विकेट दर्ज हो गए हैं. ऐसा कर उन्होंने हार्दिक पंड्या को पीछे छोड़ दिया है. हार्दिक के नाम T20I में कुल 80 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा अब बुमराह भारत की ओर से टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं. भारत की ओर से T20I में सबसे ज्यादा विकेट युजवेंद्र चहल के नाम है. चहल ने 96 विकेट लिए हैं. वहीं, भुवनेश्वर कुमार के नाम 90 विकेट दर्ज हैं. इसके बाद बुमराह का नंबर आता है, बुमराह के नाम अब 82 विकेट दर्ज हो गए हैं. बुमराह अब T20I में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे तेज गेंदबाज भी हैं.






