IPL 2024: कोलकाता नाइटराइडर्स तीसरी बार बनी आईपीएल चैंपियन

चेन्नई: मिचेल स्टार्क की अगुआई में कोलकाता नाइटराइडर्स की शानदार गेंदबाजी के सामने सनराइजर्स हैदराबाद के सूरमाओं ने घुटने टेक दिए। भारतीय सरजमीं पर विश्व विजेता बनने वाले पैट कमिंस का जादू भी नहीं चला। शाहरुख खान की कोलकाता नाइटराइडर्स ने आईपीएल 2024 के खिताबी मुकाबले में हैदराबाद को 8 विकेट से बुरी तरह से हरा दिया। हैदराबाद ने बड़ी मुश्किल से 114 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे कोलकाता ने 10.3 ओवरों में आसानी से पा लिया। इस तरह से यह किसी भी आईपीएल फाइनल में सबसे कम गेंदों में पाया गया लक्ष्य है। इस तरह से कोलकाता नाइटराइडर्स ने तीसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। वह मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद तीसरी सबसे सफल टीम बन गई। जैसे ही कोलकाता ने विनिंग रन लिया स्टेडियम में मौजूद शाहरुख खान, उनकी वाइफ गौरी खान, बेटी सुहाना खान और को-ओनर जुही चावला का जश्न देखते बन रहा था।
डगआउट में गौतम गंभीर छाए तो वेंकेटेश ने मैदान पर किया धूम धड़ाका
डगआउट में बैठे मेंटॉर गौतम गंभीर के चेहरे की हंसी बहुत कुछ बयां कर रही थी। जब केकेआर पिछली दो बार चैंपियन बनी थी तो गौतम गंभीर इस टीम के कप्तान थे और अब मेंटॉर। आईपीएल इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी ने कप्तान और फिर मेंटॉर के रूप में एक ही टीम को चैंपियन बनाया है। दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर के कप्तानी की तारीफ करनी होगी। उन्होंने मैदान पर शानदार तरीके से टीम के प्लान को अंजाम दिया। कोलकाता के लिए सबसे अधिक वेंकेटेश अय्यर ने 26 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के के दम पर नाबाद 52 रन की पारी खेली, जबकि रमनदीप गुरबाज ने 39 रन की पारी खेली।
कोलकाता के तूफानी गेंदबाजों के आगे हैदराबाद ने घुटने टेके
इससे पहले हैदराबाद कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका जिससे टीम 17वें चरण के फाइनल में 113 रन पर सिमट गई। यह आईपीएल फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का सबसे कम स्कोर भी रहा। स्टार्क ने नीलामी में मिली रिकॉर्ड राशि को सही साबित करते हुए तीन ओवर में 14 रन देकर दो विकेट चटकाये। आंद्रे रसेल ने 2.3 ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट जबकि हर्षित राणा ने चार ओवर में एक मेडन से 24 रन देकर दो विकेट झटके। केकेआर ने 2024 चरण में शुरू से शानदार क्रिकेट खेला है और अब यह एकतरफा फाइनल भी उसके 17वें चरण में दबदबे का सबूत है।





