टी20 IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को 6 रनों से रौंदा, गेंदबाजों ने किया कमाल

भारत ने पाकिस्तान को टी20 विश्व कप के 19वें मैच में छह रन से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-ए में शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, दो मैचों में दो हार ने पाकिस्तान की आगे की राह कठिन कर दी है। टीम सुपर आठ में पहुंचने के लिए संघर्ष करती दिखेगी। एक वक्त पाकिस्तान की टीम जीत के करीब थी, लेकिन डेथ ओवरों में भारतीय गेंदबाजों की सूझबूझ और सटीक गेंदबाजी ने भारतीय टीम को विजयी बनाया। 15वें ओवर तक पाकिस्तान टीम मैच में आगे चल रही थी। यहीं से रोहित की बेहतरीन कप्तानी, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी और अर्शदीप सिंह की कूलनेस ने टीम इंडिया को जीत दिलाई। आइए जानते हैं…
दरअसल, पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम 19 ओवर में 119 रन पर सिमट गई थी। एक वक्त भारत का स्कोर तीन विकेट पर 89 रन था। इसके बाद टीम इंडिया ने 30 रन बनाने में आखिरी सात विकेट गंवा दिए। ऐसे में पाकिस्तान को 120 गेंदों में 120 रन का लक्ष्य मिला। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान की टीम आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेगी। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने ठीक ठाक शुरुआत भी दिलाई। हालांकि, पांचवें ओवर में बुमराह ने बाबर (13) को पवेलियन भेज पहला झटका दिया और भारतीयों की उम्मीद जगाई।
26 पर पाकिस्तान को पहला झटका लगा था। इसके बाद रिजवान ने उस्मान खान के साथ 31 रन की साझेदारी निभाई। 10 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 57 रन था। आखिरी 10 ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 63 रन चाहिए थे। पाकिस्तान की टीम मैच में बनी हुई थी। हालांकि, इसके बाद उस्मान 13 रन बनाकर आउट हुए। फखर जमां ने आते ही एक छक्का और एक चौका लगाया। लगा कि फखर अकेले मैच जिता देंगे। हार्दिक पांड्या ने फखर को आउट कर एक और झटका दिया। 73 रन पर तीन विकेट गिर चुके थे।
फिर इमाद वसीम बल्लेबाजी के लिए आए। दूसरे छोर पर रिजवान टिके हुए थे। हालांकि, वह भी फंसे हुए थे। बुमराह 15वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और पहली ही गेंद पर रिजवान को क्लीन बोल्ड किया। वह 44 गेंद में 31 रन बना सके। बुमराह ने यहां से मैच भारत की ओर घुमा दिया। हालांकि, उस वक्त सबसे बड़ी टेंशन यह थी कि भारत के अगले पांच ओवर में से चार ओवर तेज गेंदबाजों के बाकी थे।





