17 साल बाद भारत ने जीता टी20 वर्ल्ड कप, विराट कोहली प्लेयर ऑफ दी मैच

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया. भारत ने दक्षिण अफ्रीका को फाइनल मुकाबले में 7 रन से हरा दिया और ट्रॉफी अपने नाम कर लिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाया. रन का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम आठ विकेट पर 169 रन ही बना पायी. आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 16 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम केवल 8 रन ही बना पायी. आखिरी ओवर हार्दिक पांड्या ने डाला, जिसमें उन्होंने पहली ही गेंद पर डेविड मिलर को अपना शिकार बनाया और भारत की जीत सुनिश्चित की.
दक्षिण अफ्रीका की ओर से हेनरिक क्लासेन ने सबसे ज्यादा रन बनाया. उन्होंने 27 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 52 रन बनाए. डीकॉक ने 31 गेंदों में 4 चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन की पारी खेली. स्टब्स ने 21 गेंदों में 3 चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन की पारी खेली.
भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने चटकाए सबसे अधिक विकेट
भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट हार्दिक पांड्या ने चटकाए. उन्होंने 3 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट लिए्, जबकि अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट चटकाए. अक्षर पटेल ने एक विकेट लिए.
विराट कोहली प्लेयर ऑफ दी मैच
विराट कोहली को प्लेयर ऑफ दी मैच दिया गया. विराट ने फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 59 गेंदों का सामना किया, जिसमें 6 चौकों और दो छक्कों की मदद से 76 रन बनाए.
खराब शुरुआत के बाद कोहली और अक्षर ने भारत को सात विकेट पर 176 रन तक पहुंचाया
पावरप्ले में मिले शुरुआती झटकों से उबरते हुए विराट कोहली और अक्षर पटेल ने भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप के फाइनल में सात विकेट पर 176 रन तक पहुंचाया. भारत ने एक समय पांचवें ओवर में तीन विकेट सिर्फ 34 रन पर गंवा दिये थे. इसके बाद अक्षर (31 गेंद में 47 रन) और कोहली (59 गेंद में 76 रन) ने टीम को संकट से निकाला. दोनों ने चौथे विकेट के लिये 54 गेंद में 72 रन की साझेदारी की. अक्षर दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हो गए. बीच के ओवरों में कोहली धीमे पड़े और अपना अर्धशतक उन्होंने 48 गेंदों में पूरा किया. इससे पहले रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया. पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय कप्तान को दूसरे ही ओवर में केशव महाराज ने पवेलियन भेजा. स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में वह स्क्वेयर लेग पर कैच दे बैठे. उनके बाद आये ऋषभ पंत भी इसी अंदाज में आउट हुए.





