लाडोवाल टोल प्लाजा के रेट बढ़ाए जाने के खिलाफ किसान जत्थेबंदियों की तरफ से धरना प्रदर्शन जारी

लुधियाना : पंजाब के सबसे महंगे टोल प्लाजा में शामिल लाडोवाल टोल प्लाजा पर आने वाले समय में विवाद और बढ़ सकता है। एक साल में तीन बार टोल रेट बढ़ाए जाने के खिलाफ किसान जत्थेबंदियों की तरफ से धरना प्रदर्शन शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रहा। किसान जत्थेबंदियों ने सभी वाहनों को फ्री में निकलवाया। अब तक सात करोड़ से ऊपर के नुकसान का अनुमान है। किसान जत्थेबंदियों ने अब नया ऐलान कर दिया है। किसान जत्थेबंदियों का कहना है कि अगर टोल कंपनी की तरफ से उनके साथ कोई बातचीत नहीं की गई या फिर उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं की गई तो तीस जून को लाडोवाल टोल प्लाजा के अधिकारियों के दफ्तरों को ताला लगा दिया जाएगा। किसान मांग कर रहे हैं कि टोल 150 रुपये प्रति वाहन होना चाहिए, लेकिन एनएचएआई के अधिकारी किसानों की मांगों को नजरअंदाज कर रहे हैं। इसके चलते लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को भी आसपास के कई ग्रामीण किसानों के साथ आ गए। समाजसेवी भी किसान जत्थेबंदियों के हक में आ गए है। उन का कहना है कि शहरवासियों पर बोझ पड़ रहा है। टोल प्लाजा कंपनी रेट कम करे। किसान जत्थेबंदियों का इस मामले में पूरी साथ दिया जाएगा।

