विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा ने भी लिया T20I से संन्यास

टीम इंडिया के दो सबसे बड़े दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा कर दी. मैच के तुरंत बाद विराट कोहली ने कहा कि वह जो पाना चाहते थे, वह पा लिया. यह उनका भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच था. इसके कुछ ही घंटों बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने भी टी20 आई से संन्यास की घोषणा कर दी. भारत के कप्तान ने आधिकारिक पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की. भारत के विजयी अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले रोहित ने पुष्टि की कि वह वनडे और टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे. पूरी टीम के लिए यह एक बेहद भावुक क्षण था.





