*👉🏻 शहर में दो जगहों पर लगी आग*
जालंधर,26 अप्रैल-(प्रदीप भल्ला)- शहर में दो जगहों पर आग लग गई जिस कारण लाखों का नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार काजी मंडी क्षेत्र में स्थित एक गत्ता फैक्ट्री में देर रात 2:30 बजे के करीब आग लग गई। जिस कारण सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना तुरंत ही दमकल विभाग को दी गई जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फैक्ट्री मालिक बंटी के अनुसार आग किसी ने रंजिशन लगाई है। लेकिन जब उनसे पूछा गया कि उन्हें किस पर संदेह है तो वह बताने से मना करते रहे। फैक्ट्री मालिक के मुताबिक आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।
वही किशनपुरा श्मशान घाट में आग की चिंगारी गिरने के कारण पास ही पड़ी हुई लकड़ी को आग लग गई। एकदम से आग भड़कने के कारण वहां पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। तुरंत ही दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल विभाग की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जानकारी देते हुए श्मशान घाट कमेटी के प्रधान तरसेम कपूर ने बताया कि पास ही जल रही चिता की आग से चिंगारी गिरने के कारण लकड़ी को आग लग गई थी। लेकिन समय रहते ही आग पर काबू पा लिया गया।

