*👉🏻 अवैध कॉलोनियों से रुपए ऐंठने का नायाब तरीका निकाला छुटभैया नेता ने* *👉🏻 गनमैन की आड़ में चलाता है अपनी दुकानदारी*
जालंधर-(हैडलाइन डेस्क)-जालंधर के एक छुटभैया नेता ने रुपए इकट्ठा करने का नायाब तरीका निकाल लिया है। वह छुटभैया नेता अपने साथ गनमैन लेकर चलता है। शहर में जहां कहीं भी अवैध कॉलोनी काटी जाती है तो वह छुटभैया नेता अपने गनमैन के साथ वहां पहुंच जाता है और कॉलोनी वाली जगह पर खड़ा होकर सोशल मीडिया पर वीडियो डालनी शुरू कर देता है, और जानबूझ कर ये बोलता है कि देखो कैसे अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। जब उक्त छुटभैया नेता की सेटिंग कॉलोनाइजर से हो जाती है तो यह सारा मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। फिर उस कॉलोनी की तरफ वह छुटभैया नेता रुख नहीं करता और किसी दूसरी कॉलोनी की तलाश में चल पड़ता है। वहां पर भी यही तरीका अपनाता है और अपना मोबाइल निकाल सोशल मीडिया पर लाइव चैटिंग शुरू कर देता है। इसी प्रकार शहर के कई कॉलोनाइजरों से उक्त छुटभैया नेता रुपए ऐंठ चुका है। पिछले दिनों उक्त छुटभैया नेता ने गदईपुर के पास काटी गई अवैध कॉलोनी पर जाकर इसी तरह लाइव वीडियो की और उसके बाद कॉलोनाइजर से सेटिंग कर इस मामले को दबा दिया। उक्त छुटभैया नेता जिस कॉलोनी पर भी जाता है वहां लोकपाल, नगर निगम और जेडीए को शिकायत देने के नाम पर अपनी दुकानदारी चला रहा है। इस छुटभैया नेता के साथ कुछ तथाकथित युवक भी जुड़ चुके हैं जो कि जरूरत पड़ने पर इसके साथ आ जाते हैं। इस छुटभैया नेता का अपना कोई कारोबार नहीं है फिर भी कुछ पुलिस अधिकारियों के साथ इसकी सेटिंग होने के कारण इसे गनमैन मिला हुआ है। गनमैन की आड़ में लोगों से ब्लैकमेल कर रुपए इकट्ठा कर कुछ पुलिस अधिकारियों की भी जेब भरने का काम छुटभैया नेता करता है। हैरानी की बात तो यह है कि पुलिस प्रशासन कैसे इन लोगों को गनमैन मुहैया करवा देता है या फिर यह लोग गनमैन इसीलिए लेते हैं ताकि सामने वाले पर रोब डाल सके।
