*👉🏻 वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य काबू, एक फरार, 11 वाहन व 5 इंजन बरामद*

जालंधर,16 नवंबर-(भल्ला/बब्बू)- थाना नई बारादरी की पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को काबू कर उनके पास से चोरी किए हुए 11 दो पहिया वाहन व 5 इंजन बरामद किए हैं। जबकि उनका एक साथी फरार होने में सफल हो गया। जानकारी देते हुए एडीसीपी-1 परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि एसीपी दलबीर सिंह बुट्टर के दिशा निर्देशों पर थाना बारादरी के प्रभारी इंस्पेक्टर बलबीर सिंह की अगुवाई में एएसआई रघुवीर सिंह ने पुलिस पार्टी सहित लाडोवाली रोड नजदीक कृष्णा फैक्ट्री नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को देख पुलिस पार्टी ने रुकने का इशारा किया। बाइक सवार पुलिस पार्टी को देख घबरा गए और वापस मुड़ते समय गिर गए। बाइक से गिरते ही सबसे पीछे बैठा युवक फरार हो गया। जबकि पुलिस पार्टी ने दो युवकों को काबू कर लिया। पूछताछ करने पर युवकों ने बताया उन्होंने एमबीडी मॉल, कचहरी चौक,पुडा ग्राउंड व अन्य जगहों से दोपहिया वाहनों को चुराया है। जिसके बाद वाहनों के नंबर बदलकर आगे बेच देते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवीन कुमार पुत्र रघुवीर सिंह निवासी जोगिंदर नगर रामा मंडी, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र थॉमस निवासी लेसडीवाल के रूप में हुई है। जबकि इनका फरार साथी सरदोआलम पुत्र रुस्तम अली निवासी एकता नगर नजदीक नंगल शामा की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। आरोपियों की निशानदेही से पुलिस ने 11 दोपहिया वाहनों व 5 दोपहिया वाहनों के इंजनों को बरामद किया है। आरोपियों पर पहले भी शहर के अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।



