राज्य से टकराएगा तूफानी बवंडर, सरकार ने 2 दिन तक बंद किए राज्य के सभी स्कूल

देशभर के 18 राज्य खासकर उत्तर भारत के 4-5 राज्य
तूफानी बवंडर का सामना कर सकते हैं। मौसम विभाग और गृह मंत्रालय के अलर्ट के बीच हरियाणा सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
मौसम विभाग ने आज एक और चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि हरियाणा में तूफान काफी तेजी से टकरा सकता है। ऐसे में हरियाणा सरकार ने दो दिन के लिए सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है।
हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा सार्वजनिक हित में एडवाईजरी जारी की गई है कि 7 व 8 मई को हरियाणा में तेज तूफान और बरसात का पूर्वानुमान है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा पूर्वानुमान के मद्देनजर नागरिकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास एनसीआर समेत हिमाचल प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में तेज आंधी तूफान के साथ बारिश आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के कुछ हिस्सों समेत गुरुग्राम, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, खुर्जा, ग्रेटर नोएडा और बुलंदशहर में बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के बहुत से क्षेत्रों में बारिश होने की पूरी संभावना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे इस तेज तूफान और बरसात के पूर्वानुमान से भयभीत न हों, बल्कि विभाग द्वारा जारी सावधानियां बरतें। इस दौरान बच्चों, औरतों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।



