*👉🏻 चोरों ने मंदिर की गुल्लक से हजारों की नकदी चुराई*

जालंधर,21 मई-(प्रदीप भल्ला)- रविवार देर रात चोरों ने मॉडल हाउस चौक में पड़ते माता वैष्णो देवी मंदिर कि गुल्लक तोड़ हजारों की नकदी चुरा ली। जानकारी देते हुए मंदिर के पुजारी पंडित प्रह्लाद शर्मा ने बताया कि सुबह जब मंदिर खोलने आए तो देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ था। जब अंदर जाकर देखा तो मंदिर की गुल्लक टूटी हुई थी और उसमें पड़ी नगदी चोरी हो चुकी थी। जिसकी सूचना थाना भार्गव कैंप की पुलिस को दी गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने पर पता चला कि देर रात रविदास चौक की तरफ से रिक्शा पर सवार दो युवक आए और उनमें से एक युवक रिक्शा से नीचे उतर मंदिर के गेट का ताला तोड़ने लगा। ताला तोड़ने के बाद वह मंदिर में दाखिल हुआ और गुल्लक में पड़ी नगदी चुराने के बाद मंदिर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की तार को काटकर अपने साथी संग फरार हो गया। गुल्लक में 3 महीनों का चढ़ावा जोकि 60-70 हजार के करीब था जिसे चोर चुरा ले गए। थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर जांच कर रही है।