निगमकर्मी की सड़क हादसे में मौत, चार महिलाएं घायल
जालंधर,27 जून-(प्रदीप भल्ला)- नगर निगम के वाटर सप्लाई विभाग में कार्यरत अब्दुल सत्तार की बलाचौर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उनके साथ गाड़ी में सफर कर रही चार महिलाएं घायल हो गई। जिन्हें उपचार हेतु निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक अब्दुल सत्तार अपने बेटे को लेने के लिए मोहाली एयरपोर्ट की तरफ जा रहा था। जिस गाड़ी में वह जा रहे थे उसमें अब्दुल सत्तार के साथ चार महिलाएं भी थी जो कि उनकी रिश्तेदार बताई जा रही है।अचानक बलाचौर के पास अब्दुल सत्तार की गाड़ी आगे जा रही रोडवेज की बस के साथ टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बस के नीचे जा घुसी। जिसके बाद आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल के साथ गाड़ी को काटकर अब्दुल सत्तार को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में उनकी रिश्तेदार महिलाएं भी घायल हो गई जिन्हें निजी अस्पताल में दाखिल करवाया है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अब्दुल सत्तार की मौत की खबर नगर निगम जालंधर में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई।
