*👉🏻 ढाबे से चुराया हुआ सामान व मोटरसाइकिल सहित दो चोर काबू*
जालंधर,17 जून-(प्रदीप भल्ला)- कूल रोड स्थित एस के ढाबा के मालिक अनुज महेंद्रू पुत्र सुभाष महेंद्रू निवासी कूल रोड ने 3 जून को थाना डिवीजन नं-6 में शिकायत दी थी कि कुछ व्यक्तियों ने उसके ढाबे का शटर तोड़ अंदर से एलसीडी, 4 गैस सिलेंडर व कंप्यूटर का मॉनिटर चुरा लिया है। एसीपी समीर वर्मा के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 6 के प्रभारी इंस्पेक्टर बिमलकांत ने बस स्टैंड चौकी इंचार्ज सेवा सिंह को मामले की जांच सौंपी। किसी गुप्तचर ने सेवा सिंह को आरोपियों के बारे में सूचना दी।
जिस पर कार्रवाई करते हुए एएसआई रविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार ने अलराजा उर्फ राजा उर्फ मोंटीया पुत्र अछिनवा निवासी मद्रासी मोहल्ला व राजा पुत्र प्रणामा निवासी संतोषी नगर को ढाबे से चुराए हुए सामान सहित काबू कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर बस स्टैंड के पास से चुराया हुआ मोटरसाइकिल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई शुरू कर दी है।


