*👉🏻 इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में चोरी करने वाले काबू*
जालंधर,15 जुलाई-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में चोरी करने वाले दो आरोपियों को काबू किया है। जानकारी देते हुए एसीपी व थाना प्रभारी हिना गुप्ता ने बताया कि होशियारपुर रोड स्थित पूर्ण इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक गुरचरण सिंह पुत्र बिक्रमजीत सिंह निवासी संतोखपुरा ने 14 जुलाई को शिकायत दी थी कि उनके गोदाम का दरवाजा तोड़ किसी ने दो एलईडी,एक ए.सी,एक ए.सी का कंप्रेशर और एक लैपटॉप चुरा लिया है। उन्हें शक है कि इस वारदात को अंजाम उनके गोदाम के साथ ही रहने वाले बलराम और संतोखपुरा निवासी विशाल ने दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। तभी एएसआई हरदयाल सिंह को सूचना मिली कि पूर्ण इलेक्ट्रॉनिक्स के गोदाम में चोरी करने वाले आरोपी इंडस्ट्रियल एस्टेट की मच्छी मार्केट में मौजूद हैं और उन्होंने चोरी किया हुआ सामान साथ के ही एक खाली प्लाट में घास फूस के नीचे छुपा रखा है। इसी सूचना के आधार पर एएसआई हरदयाल सिंह ने पुलिस पार्टी सहित छापेमारी कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया और उनके पास से चोरी किया हुआ सामान भी बरामद कर लिया। पुलिस ने पकड़े हुए आरोपियों की पहचान बलराम पुत्र मनोहर लाल निवासी सुच्ची पिंड और विशाल पुत्र राकेश कुमार निवासी संतोखपुरा के रूप में बताई है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपियों में एक नाबालिग है।
