*👉🏻 मेरे बेटे की मौत हादसे में नहीं हुई,उसका क़त्ल हुआ है:-भजन कौर*

जालंधर, 29 अगस्त-(विष्णु)-18 अगस्त को स्थानीय 66 फुटी रोड पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। आज इस मामले में एक नया मोड़ आया है। क्योंकि मृतक बलजीत सिंह की मां ने इसे हादसा नहीं एक साजिश बता बेटे की हत्या करने की आशंका जाहिर की है। मृतक की मां ने पुलिस प्रशासन से बेटे की लाश का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है जो कल सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। मृतक की मां भजन कौर और सुभाना गांव के सरपंच मलकीत सिंह ने आरोप लगाया कि बलजीत सिंह पुत्र शिवचंद्र निवासी की एक साजिश के तहत हत्या की गई है और वारदात को छुपाने के लिए सड़क दुर्घटना बना दिया गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि वारदात वाले दिन बलजीत को उसके दोस्त सनी कल्याण और अन्य दोस्तों ने लालच देकर अपने पास बुलाया था और उसके साथ बैठ पहले शराब पी थी। जिसकी सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। जो जल्द ही पुलिस को दे दी जाएगी। सनी कल्याण ने पुलिस को बयान दिया था कि बलजीत सिंह हादसे वाले दिन उसके साथ नहीं था वह अकेला ही अपने घर में चला गया था। लेकिन घटना वाले दिन हादसे से कुछ घंटे पहले बस स्टैंड के नजदीक एक शराब के अहाते में सनी कल्याण, मृतक बलजीत सिंह, और उसके एक अन्य साथी ने जमकर शराब पी थी जो अहाते में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। उधर मृतक बलजीत की माता भजन कौर ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसके बेटे की एक साजिश के तहत हत्या की गई है और उसके बेटे के हत्यारों को जल्द से जल्द काबू कर उनको इंसाफ दिलाया जाए। वहीं थाना सदर के प्रभारी बिमलकांत ने बताया कि मृतक के परिजनों ने शक जाहिर किया है कि बलजीत की हत्या की गई है। जिसे हादसे का रंग दिया गया है। इसलिए बलजीत के शव का कल दोबारा पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
