*👉🏻 जेल से आये आरोपियों ने फिर दिया वारदातों को अंजाम* *👉🏻 पुलिस ने चोरी के सामान सहित किया काबू*
जालंधर,6 जनवरी 2019-(प्रदीप भल्ला/हरदीप सिंह बब्बू)- थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने चोरी की दो कारों, एक बाइक, एक एक्टिवा और नौ मोबाइलों सहित दो व्यक्तियों को काबू किया है। जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 डी. सुडरविली ने बताया कि एसीपी वेस्ट सरबजीत राय की अगुवाई में थाना डिवीजन नंबर पांच के प्रभारी निर्मल सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर बाबू जगजीवन राम चौक में नाकाबंदी दौरान एक कार में सवार सौरव नामक युवक को गिरफ्तार किया है। जिसकी निशानदेही पर नन्नू नामक युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से एक मारुति 800, एक टाटा इंडिको, एक बाइक स्प्लेंडर प्लस, 1 एक्टिवा व 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच दौरान पता चला है कि आरोपी चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। सौरव नामक युवक पहले भी कई केसों में जेल जा चुका है और अब भी जेल से रिहा होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों का एक और साथी है जो कि फरार चल रहा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सौरव पुत्र किशनलाल निवासी भार्गव कैंप, जतिंदर उर्फ नन्नू पुत्र संजीव कुमार निवासी न्यू मॉडल हाउस के रूप में हुई है। इनके फरार साथी अतुल पुत्र शिव कुमार निवासी 64 देओल नगर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।


