*👉🏻 100 ग्राम हेरोइन सहित मां-बेटा काबू*
नकोदर,27 मार्च 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना नकोदर की पुलिस ने 100 ग्राम हेरोइन सहित मां-बेटे को काबू किया है। जानकारी देते हुए थाना नकोदर के प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि एएसआई जीत सिंह पुलिस पार्टी सहित नकोदर पुली पर मौजूद थे और नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ले रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार आ रही आल्टो कार को शक होने पर रोका। जिसमें एक व्यक्ति और एक महिला बैठे हुए थे। पुलिस पार्टी ने इसकी सूचना एसआई केवल सिंह को दी। जिन्होंने मौके पर आकर कार चालक रोहित सिंह पुत्र रामलाल निवासी मलकपुर थाना रावलपिंडी जिला कपूरथला की तलाशी ली तो उसके पास से 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। महिला पुलिसकर्मी ने कार की पिछली सीट पर बैठे निर्मल कौर पत्नी रामलाल निवासी मलकपुर थाना रावलपिंडी जिला कपूरथला की तलाशी ली तो उसके पास से 65 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर पूछताछ की तो पता चला निर्मल कौर पर पहले भी रावलपिंडी, मेटियाना में एनडीपीएस के मामले दर्ज है और रोहित सिंह पर भी थाना मेटियाना में एनडीपीएस का मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है।

