*👉🏻 देहात पुलिस ने अफीम, हेरोइन, अवैध असले सहित पांच आरोपियों को किया काबू*
जालंधर,29 अप्रैल 2019-(प्रदीप भल्ला)-देहात क्षेत्र के अलग-अलग थानों की पुलिस ने अलग-अलग जगह से नाकाबंदी दौरान पांच आरोपियों को हेरोइन, अफीम व असले सहित गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि थाना भोगपुर के एसआई निर्मल सिंह पुलिस पार्टी सहित आदमपुर से भोगपुर की तरफ गश्त पर थे। जैसे ही पुलिस पार्टी अड्डा लाहदड़ा के पास पहुंची तो सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। जिसने किट बैग पकड़ा हुआ था। पुलिस पार्टी को देख उक्त युवक घबरा गया और साइड में बैठ गया। शक होने पर पुलिस पार्टी ने युवक को काबू कर उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी में अपना नाम जोलुदीन पुत्र निजामुद्दीन निवासी उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी तरह थाना गोराया की पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को 1 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। थाना गोराया के प्रभारी लखवीर सिंह की अगुवाई में एएसआई हरपाल सिंह ने पुलिस पार्टी सहित पुल ढलेवाल जीटी रोड गोराया पर नाकाबंदी की हुई थी। शाम 5:00 बजे लुधियाना की तरफ से आ रही एक बस में से एक विदेशी नागरिक उतरा। जिसके हाथ में एक लिफाफा पकड़ा हुआ था। शक होने पर इंस्पेक्टर लखवीर सिंह ने इंग्लिश में उक्त युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम Jude Austin s/o Anekwe r/o Nigeria हाल निवासी नई दिल्ली बताया। युवक के हाथ में पकड़े हुए लिफाफे की तलाशी लेने पर उसमें से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी प्रकार थाना नूर महल की पुलिस ने 25 अप्रैल को गुरदीप सिंह उर्फ दीपा निवासी गहीरा थाना सदर नकोदर के लूटे हुए बुलेट मोटरसाइकिल को बरामद कर लूटपाट करने वाले आरोपी को देसी पिस्तौल व 5 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया की एएसआई दिनेश कुमार पुलिस पार्टी सहित कोट बादल खान पुली पर मौजूद थे और गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे। तभी बुलेट मोटरसाइकिल पर एक युवक आता हुआ दिखाई दिया जो पुलिस पार्टी को देख घबरा गया और वापस मुड़ने लगा। पुलिस पार्टी ने तुरंत ही कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चालक को काबू कर लिया और उससे पूछताछ दौरान पता चला कि जिस बाइक को वह चला रहा है उसे आरोपी ने अपने साथी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना के साथ मिलकर पीड़ित गुरदीप सिंह से गन प्वाइंट पर लूट लिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक 32 बोर की देसी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिल कुमार उर्फ अजय पुत्र राजेश कुमार निवासी मोहल्ला बीबी दीप कौर तलवण थाना बिलगा के रूप में बताई है। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी पर थाना नूरमहल व आदमपुर में अलग-अलग मामले दर्ज हैं।
वहीं थाना भोगपुर की पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर उनके पास से 315 बोर की एक पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जानकारी देते हुए एसएसपी ने बताया कि एएसआई करनैल सिंह पुलिस पार्टी सहित गश्त पर थे। जैसे ही पुलिस पार्टी पिंड टांडी मोड़ के पास पहुंची तो टांडी पिंड की तरफ से एक बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए। जिन्हें शक के आधार पर रोक कर उनकी तलाशी ली तो उनके पास से एक 315 बोर का पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ दौरान आरोपियों ने अपना नाम मनदीप सिंह उर्फ मनी पुत्र जसवंत सिंह निवासी गुरु रविदास नगर भोगपुर और लखवीर सिंह उर्फ सनी पुत्र लेट बलविंदरजीत सिंह निवासी गुरु रविदास नगर भोगपुर बताया। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
