आज से होने जा रहे हैं ये बड़े बदलाव, जिसका सीधा असर पड़ेगा आपकी जेब पर
1 मई 2019 से कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं जिसका आपकी रोजमर्रा की जिंदगी पर बड़ा असर होगा. देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) सेविंग खाते से जुड़ा नया नियम लागू करने जा रहा है. वहीं, पीएनबी अपनी तीन साल पुरानी सर्विस बंद करेगा. साथ ही, रसोई गैस की भी नई कीमतें 1 मई को जारी होंगी. आइए जानते हैं 1 माई से क्या-क्या होंगे बदलाव…
1 SBI करेगा बदलाव
नए फाइनेंशियल ईयर 2019-20 का पहला महीना खत्म होने को है. मई में एसबीआई एक बड़ा नियम लागू करने जा रहा है 1 मई से बैंक की डिपॉजिट और लोन की ब्याज दरें RBI की बेंचमार्क दर से जोड़ दी जाएंगी.
2 एयर इंडिया नहीं कैंसल करने पर नहीं लेगा चार्ज
विमानन क्षेत्र में संकट के बीच एयर इंडिया ने हवाई यात्रियों को बड़ी राहत दी है. एयर इंडिया ने शनिवार को कहा कि एक मई से टिकट र्बुंकग के 24 घंटे के भीतर इसे रद्द कराने पर कोई शुल्क नहीं लेगा, बशर्ते यह फ्लाइट बुकिंग के कम से कम सात दिन बाद हो.
दरअसल, भारतीय विमानन नियामक डीजीसीए ने 27 फरवरी को ‘पैसेंजर चार्टर जारी किया है और इसमें विमानन कंपनियों से हवाई यात्रियों को यह सुविधा देने को कहा गया है. हालांकि अभी किसी अन्य विमानन कंपनी ने ऐसी घोषणा नहीं की है. एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्वनी लोहानी ने एक सर्कुलर जारी कर इस फैसले की जानकारी दी है.
3 रेलवे नियम में होगा बदलाव
1 मई से ट्रेन से सफर करने वालों के लिए अहम बदलाव होने जा रहा है. रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को नई सुविधा मिलेगी. 1 मई से ट्रेन का चार्ट बनने से चार घंटे पहले तक बोर्डिंग स्टेशन बदला जा सकेगा.

अभी यात्री 24 घंटे पहले तक बोर्डिंग स्टेशन चेंज कर सकते हैं. मतलब यह कि टिकट बुकिंग के वक्त आप जो बोर्डिंग स्टेशन चुनेंगे, उसे चार्ट बनने के चार घंटे पहले तक बदला जा सकता है. हालांकि, अगर कोई यात्री बोर्डिंग स्टेशन चेंज करने की सुविधा का इस्तेमाल करता है तो उसे टिकट कैंसिलेशन पर रिफंड का फायदा नहीं मिलेगा.
4 बदलेंगे रसोई गैस के दाम

हर महीने की तरह 1 मई से रसोई गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी होगीं. इस बार दाम बढ़ेंगे या घटेंगे, यह तो 1 मई को ही पता चलेगा. लेकिन, इतना जरूर है कि इस बदलाव से आपकी जेब पर सीधा असर होगा. बता दें, 1 अप्रैल को रसोई गैस के दाम में इजाफा किया गया था.

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर के दाम 5 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ाए थे.वहीं, सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत में भी 25 पैसे की मामूली बढ़ोतरी हुई थी. दिल्ली में इंडेन के 14.2 किलो वाले बिना सब्सिडी सिलेंडर की कीमत 706.50 रुपए है.
5 पंजाब नेशनल बैंक बंद कर रहा है पेमेंट वॉलेट सर्विस किट्टी

पंजाब नेशनल बैंक अपना डिजिटल वॉलेट PNB Kitty (पीएनबी किटी ) को 1 मई से बंद करेगा. पंजाब नेशनल बैंक ने अपने ग्राहकों को बताया है कि वह पीएनबी किटी में पड़े पैसे 30 अप्रैल तक या तो खर्च कर लें या फिर IMPS के जरिए अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर लें.

