*👉🏻 लवली ऑटो में चली गोली, प्रेम प्रसंगों के चलते युवक ने युवती को गोली मारने के बाद खुद को गोली मार दी जान, युवती की हालत गंभीर* *👉🏻 अगर सभी वेपन जमा है तो मृतक के पास कहाँ से आया वेपन,पुलिस कर रही जांच*
जालंधर,6 मई 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना डिवीजन नंबर 4 के अंतर्गत आते नकोदर चौक नजदीक स्थित लवली ऑटो में दोपहर के समय गोलियां चलने से अफरा तफरी मच गई। गोली लगने से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि युवती को गोली मारने वाले युवक ने खुद को गोली मार अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डीसीपी परमवीर सिंह परमार, एडीसीपी डी. सुडरविली, थाना 4 के प्रभारी पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक सीमा तिवारी उर्फ सिम्मी उम्र 27 साल लवली
ऑटो में पिछले 4 साल से काम कर रही थी। सीमा के करतारपुर के रहने वाले मनप्रीत नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग थे। मनप्रीत भी करतारपुर में लवली ऑटो में काम करता था जबकि कुछ समय पहले उसने वहां से काम छोड़ कर किसी और जगह पर काम करना शुरू कर दिया था। मनप्रीत सिम्मी से शादी करना चाहता था लेकिन सिम्मी के परिजन इस बात के लिए राजी नहीं थे। सिम्मी के भाई ने बताया कि मनप्रीत दो-तीन बार उनके घर पर रिश्ता लेकर आया था लेकिन दूसरी जात का होने के कारण परिवार वालों ने रिश्ते से इनकार कर दिया था। सिम्मी शादीशुदा थी और उसका तलाक का केस चल रहा है। आज गुस्से में आकर मनप्रीत ने .32 बोर के रिवाल्वर से सिम्मी को दो गोलियां मार दी और उसके बाद खुद को गोली मार कर अपनी जान दे दी। दूसरी तरफ यह बात सोचने वाली है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण सभी लाइसेंसी वेपन जमा करवाए गए हैं लेकिन यह वेपन मनप्रीत के पास कहां से आया। मनप्रीत के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें उसने सिम्मी और खुद को गोली मारने के बारे में लिखा हुआ है। सिम्मी को गंभीर हालत में पहले सिविल और उसके बाद निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

