*👉🏻 सेंट सोल्जर कॉलेज के ड्राइवर को कालेज के सुरक्षाकर्मी ने पीटा, मौत*

जालंधर,8 मई 2019-(प्रदीप भल्ला)- थाना मकसूदा के अंतर्गत आते गांव लिद्दडाँ में सेंट सोल्जर कॉलेज में मामूली बात को लेकर सिक्योरिटी इंचार्ज ने कॉलेज के ड्राइवर को पीट डाला। जिसकी मौके पर मौत हो गई। जानकारी देते हुए मृतक के बेटे हरजाप सिंह पुत्र लाहौर सिंह निवासी पिंड अलीपुर कपूरथला ने बताया कि वह और उसके पिता सेंट सोल्जर में काम करते हैं। उनके पिता लाहौर सिंह पुत्र सवेक सिंह 20-25 साल से कॉलेज में बतौर ड्राइवर के तौर पर काम करते हैं। उन्होंने कुछ समय पहले जमीन खरीदी थी।
इसी बात को लेकर सिक्योरिटी इंचार्ज हरजिंदर सिंह हम दोनों के साथ रंजिश रखने लगा था। आज किसी बात को लेकर हरजाप और हरजिंदर में बहस शुरू हो गई। जिसके बाद बात हाथापाई तक आ गई। हाथापाई होती देख लाहौर सिंह ने आकर छुड़ाने की कोशिश की तो सिक्योरिटी इंचार्ज हरजिंदर सिंह ने उनकी छाती में मुक्के मारे। लाहौर सिंह का कुछ समय पहले दिल का ऑपरेशन हुआ था। जिस कारण दिल पर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के बेटे ने तुरंत ही उन्हें इलाज के लिए सैक्रेड हार्ट अस्पताल में दाखिल करवाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना तुरंत ही थाना मकसूदा की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी हरजिंदर सिंह मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

