*👉🏻 आवारा कुत्तों का आतंक, बुजुर्ग को नोचा*
जालंधर,8 अप्रैल 2019-(प्रदीप भल्ला)- आवारा कुत्तों के आतंक से शहरवासियों को छुटकारा नहीं मिल पा रहा। आज फिर एक बार आवारा कुत्तों ने आतंक मचाते हुए एक बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। सिविल अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल हुए कस्तूरी लाल पुत्र जगन्नाथ निवासी नीवा सुराजगंज ने बताया कि वह रेलवे में वेंडर का काम करता है। काम खत्म होने के बाद वह घर जा रहा था। जैसे ही वह काजी मंडी के पास पहुंचा तो आवारा कुत्ते उस पर झपट पड़े और उसकी टांग को नोच डाला। राहगीरों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें आवारा कुत्तों के चंगुल से बचाया और सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। कस्तूरी लाल का कहना है कि वह पहले भी कई बार निगम कर्मियों को आवारा कुत्तों को इलाके से हटाने के लिए शिकायत दे चुके हैं लेकिन शिकायत करने के बावजूद भी निगम आवारा कुत्तों को हटाने में विफल रहा है। जिस कारण रोजाना किसी क्षेत्र में आवारा कुत्ते किसी न किसी को अपना शिकार बना लेते हैं।
