*👉🏻 एनओसी के बदले रिश्वत मांगने वाले फायर अफसर को विजिलेंस ने रंगे हाथ किया काबू*
जालंधर,14 मई 2019-(प्रदीप भल्ला)- विजिलेंस ब्यूरो ने एनओसी देने के बदले में रिश्वत मांगने वाले फायर अफसर को रंगे हाथ काबू किया है। जानकारी देते हुए एसएसपी विजिलेंस दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि डीएसपी विजिलेंस कपूरथला कर्मवीर सिंह को हरमन वालिया पुत्र रजिंदर वालिया ने शिकायत दी थी कि उसने 11 दिसंबर 2018 को इंडियन ऑयल कंपनी के पंप के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया था।
जिसकी लेटर ऑफ इंटेंट 22 फरवरी 2019 जालंधर इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा जारी की गई। शिकायतकर्ता ने पंप की एनओसी लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर कपूरथला के दफ्तर में अप्लाई कर दिया। जिसकी एक कॉपी फायर स्टेशन ऑफिसर कपूरथला को भी भेजी गई। अप्रैल 2019 को अजय गोयल फायर स्टेशन के अफसर (कपूरथला) ने पंप की लोकेशन का निरीक्षण किया और शिकायतकर्ता को कहा कि उसके पंप के ऊपर से बिजली की तारें निकल रही है। जिस संबंधी शिकायत कर्ता ने तारे ऊंची करवाने के लिए स्वंय घोषणा पत्र दे दिया। गोयल फायर स्टेशन अफसर ने शिकायतकर्ता को ₹1000 की रसीद कटवा कर लाने के लिए कहा। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने रसीद कटवा कर फायर अफसर को दे दी और एनओसी के लिए कहा। कई बार एनओसी मांगने पर भी फायर ऑफिसर ने एनओसी नहीं दी और शिकायतकर्ता हरमन वालिया को कहा कि उस की एनओसी के लिए चंडीगढ़ केस भेजना पड़ेगा और उसके लिए खर्चा पानी लगेगा। शिकायतकर्ता ने जब खर्चा पानी पूछा तो फायर अफसर ने ₹10,000 की मांग कर दी। फायर अफसर ने कहा कि वह ₹10,000 उसे दे दे। वह खुद ही पूरा केस निपटा देगा। शिकायतकर्ता ने फायर अफसर की शिकायत विजिलेंस ब्यूरो के डीएसपी कर्मवीर सिंह को दी। जिसके बाद विजिलेंस ब्यूरो ने एक टीम गठित कर गोयल फायर स्टेशन के ऑफिसर को रुपए देने के लिए शिकायतकर्ता को भेजा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने फायर अफसर को रिश्वत के रुपए पकड़ाए तो विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी पर थाना विजिलेंस कपूरथला में मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।