थाना एक ने अलग-अलग मामलों में तीन पकड़े
जालंधर-(ज्ञान सिंह) थाना एक की पुलिस ने चोरी के मोटरसाइकिल सहित दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ साबी और गुलाब सिंह उर्फ गुलाबा निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए एसीपी नवनीत सिंह माहल ने बताया कि थाना प्रभारी नवदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी के बाइक पर दो युवक मकसूदां मंडी में आए हुए हैं और चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर दोनों को काबू किया और बाइक बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि कुछ समय पहले भी दोनों ने होशियारपुर के मॉडल टाउन में वाटर सप्लाई दफ्तर के बाहर से बाइक चोरी किया था और वहां पर उन के खिलाफ मामला दर्ज है।

वहीं दूसरे मामले में लूट के झूठे मामले को हल किया है।जानकारी देते हुए थाना प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया कि गोल्डन एवेन्यू के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साले को फंसाने के लिए लूट का ड्रामा रच दिया था। पुलिस ने जांच की तो पाया कि लूट की शिकायत देने वाला जसपाल सिंह भाटिया अपने बेटे हरनूर के साले परमिंदर सिंह को इसलिए फसाना चाहता था कि परमिंदर की बहन ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। थाना प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले जसपाल थाने आया और बताया कि एक बाइक पर सवार व्यक्ति ने चाकू दिखाया और उस की चेन, अंगूठी और 16000 पर नगदी छीन कर ले गया। उसने बाइक नंबर भी पुलिस को बताया। पुलिस ने जांच की तो यह नंबर जसपाल के बेटे हरनूर सिंह के साले परमिंदर सिंह का था। जो होशियारपुर में रहता है। जांच में सामने आया कि परमिंदर की बहन जसमीत कौर ने जसपाल सिंह और उसके परिवार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया हुआ था। जसपाल और उसके परिवार ने कई बार जसमीत पर दबाव बनाया कि मुकदमा वापस ले ले लेकिन उसने नहीं लिया। एेसे में परमिंदर को फंसाने के लिए जसपाल सिंह ने लूट का ड्रामा रचा और उसकी वीडियो भी बना ली।
पुलिस में जब परमिंदर के बाइक और उसकी मोबाइल की लोकेशन जानने का प्रयास किया तो सारा मामला साफ हो गया। परमिंदर का बाइक और वह खुद लूट वाले दिन होशियारपुर के एक सीसीटीवी कैमरा में नजर आ रहे थे। ऐसे में पुलिस ने जसपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं जसपाल के बेटे हरनूर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।


