*👉🏻 चार सौ किलो चूरापोस्त सहित दो और हेरोइन सहित एक काबू* *👉🏻 पढ़ें पूरी खबर हैडलाइन एक्सप्रेस.इन पर*
जालंधर,26 जून 2019-(प्रदीप भल्ला)- देहात पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब उन्होंने 400 किलो चूरापोस्त सहित दो तस्करों और 200 ग्राम हेरोइन सहित एक तस्कर को काबू कर लिया। जानकारी देते हुए एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल ने बताया कि सीआईए के प्रभारी शिव कुमार 25 जून को पुलिस पार्टी सहित किशनगढ़ से करतारपुर की तरफ जा रहे थे कि तभी उन्हें फोकल प्वाइंट नजदीक पिंड नौगज्जा के पास एक खाली इमारत के पीछे संदिग्ध हालत में खड़ा हुआ एक ट्रक दिखाई दिया जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। शिव कुमार ने पुलिस पार्टी सहित दोनों व्यक्तियों को काबू कर ट्रक की तलाशी ली तो ट्रक में बने हुए स्पेशल केबिन में से 20 बोरी (400 किलोग्राम)
चूरापोस्त की बरामद हुई। पुलिस पार्टी ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना नाम संदीप कुमार दीपू पुत्र हीराराम और भजन लाल पुत्र गोंदा राम दोनों निवासी पिंड मोहन के ठार, थाना गुरु हरसराय जिला फिरोजपुर बताया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह कश्मीर से चूरापोस्त लाकर कपूरथला में सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है। इसी तरह थाना गोराया के एसआई मलकीत सिंह पुलिस पार्टी सहित सुबह 10:00 बजे खुर्द पुली बड़ा पिंड में नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी ले रहे थे। तभी उन्हें एक व्यक्ति पैदल ही आता हुआ दिखाई दिया जो पुलिस पार्टी को देख घबरा गया और वापस मुड़ने लगा। पुलिस पार्टी ने उस व्यक्ति को काबू कर उसके गले में पड़े हुए किट बैग की तलाशी ली तो उसमें से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने पकड़े हुए आरोपी की पहचान पप्पू शाह पुत्र बहादुर चंद निवासी पिंड मुहेमा बताया। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
