कांग्रेस के प्रेस कांफ्रेंस में प्रकट हुए 27 घंटे से गायब पी चिदंबरम, घर में दाखिल हुई सीबीआई और ईडी की टीम
नई दिल्ली (हैडलाइन एक्सप्रेस ब्यूरो ) आईएनएक्स मीडिया मामले में दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत दिये जाने से इनकार किये जाने के बाद कांग्रेस वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम बुधवार की शाम कांग्रेस के प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखायी दिये. वे बीते करीब 27 घंटे से लापता बताये जा रहे हैं. कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि मैं आरोपी नहीं हूं. उन्होंने कहा कि आईएनएक्स मीडिया मामले में न तो मेरे और न मेरे परिवार के खिलाफ किसी प्रकार की चार्जशीट दाखिल नहीं है.
वहीं, कांग्रेस मुख्यालय से प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद सीबीआई की टीम चिदंबरम के जोरबाग स्थित आवास पर पहुंची और उनकी गिरफ्तारी के लिए दीवार फांदकर उनके घर में दाखिल हुई. इसके साथ ही, मीडिया की खबरों में यह बताया जा रहा है कि सीबीआई के अधिकारियों ने पी चिदंबरम की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस से मदद मांगी है. सीबीआई के अधिकारियों का घर में दाखिल होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी भी चिदंबरम के घर पहुंच गये हैं.
पी चिदंबरम के घर के बाहर उनके समर्थकों और विरोधियों का भी जमावड़ा लगा है. उनके समर्थक यदि उनकी गिरफ्तारी को लेकर आक्रोशित नजर आ रहे हैं, तो विरोधी लोगों की ओर से जल्द से जल्द गिरफ्तार किये जाने का नारा लगाया जा रहा है.

